भास्कर न्यूज | लुधियाना पंजाब में नशों के खिलाफ चल रही “युद्ध नशे विरुद्ध” मुहिम को मजबूती देते हुए लुधियाना के गांव नारंगवाल के लोगों ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों को पूरा समर्थन देने का ऐलान किया। कभी खेलों के लिए मशहूर नारंगवाल अब नशा मुक्त अभियान का केंद्र बन गया है। गांववासियों का कहना है कि सरकार की सख्त कार्रवाई के चलते नशा तस्करों को भागना पड़ा है और गांव का माहौल पूरी तरह बदल गया है। इस अवसर पर नशा पीड़ित रहे अमन शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह पिछले 12 सालों से नशे का आदी था। लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान की मुहिम ने उसे इस दलदल से बाहर निकलने की उम्मीद दी। अमन ने कहा कि अब वह नशामुक्त जीवन जी रहा है और इसके लिए वह सरकार की कड़ी कार्रवाई का आभारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा नशे पर कसे गए शिकंजे से युवाओं को एक नई दिशा मिली है। गांववालों का मानना है कि अगर इसी तरह सख्ती बरती गई तो पंजाब को नशामुक्त बनाना संभव है। नारंगवाल का यह समर्थन सरकार के नशा विरोधी अभियान को नई ताकत देगा। गांव ललतों कलां के परमिंदर सिंह ने बताया कि राज्य सरकार की सख्त कार्रवाई के कारण नशा तस्करों ने गांव छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि अब गांव में शांति है और लोग निडर होकर जी रहे हैं। परमिंदर ने मुख्यमंत्री मान की सराहना करते हुए कहा कि यह असली जनसेवा है, जो सिर्फ भाषणों तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीन पर भी दिख रही है। गांव के एक अन्य निवासी निखिल शर्मा ने कहा कि उसका भाई नशों का आदी था, जिससे पूरा परिवार परेशान था। निखिल ने बताया कि हम कांग्रेस के समर्थक थे, लेकिन कांग्रेस ने नशा खत्म करने के लिए कुछ नहीं किया। अब मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में तस्कर भाग रहे हैं। यह हमारी पीढ़ियों को बचाने की जंग है जमीनी स्तर पर कार्रवाई असरदार है: गांव की सरपंच पाल कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री की मुहिम के कारण अब नशा तस्कर कहीं नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है कि नशों के खिलाफ जंग इतनी प्रभावी तरीके से लड़ी जा रही है। गांव नशामुक्त हो रहे हैं और इसका श्रेय राज्य सरकार को जाता है। इसी तरह, गांव की निवासी इंद्रबीर कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देकर राज्य की किस्मत बदल दी है। सरपंच मनजिंदर सिंह ग्रेवाल ने कहा कि पहली बार नशे के विरुद्ध जमीनी स्तर पर इतनी सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ मुख्यमंत्री मान की जंग नहीं, बल्कि हमारी पीढ़ियों को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री ने सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो देखकर ही तुरंत कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों पर शिकंजा कसा। गांव के लोगों ने सरकार की इस मुहिम को पूरा समर्थन देने का वादा किया और कहा कि वे नशा मुक्त पंजाब के इस अभियान में हर कदम पर साथ खड़े रहेंगे। मुख्यमंत्री मान ने भी गांववासियों के इस समर्थन का आभार जताते हुए कहा कि सरकार की यह मुहिम तब तक जारी रहेगी, जब तक नशों का पूरी तरह खात्मा नहीं हो जाता।


