चक्की पुल के पास सुबह 11 बजे बाइक सवार 2 युवकों ने कार सवार फाइनांसर मयंक महाजन निवासी सैनगढ़ को सिर पर गोली मार दी। मयंक की हालत गंभीर बनी है, जिसे डीएमसी लुधियाना रैफर किया गया है। पुलिस का दावा है कि बाइक सवार दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है और उनके 2 करीबियों को काबू किया गया है। मयंक ने रावी पार जिला जम्मू-कश्मीर के कठुआ में अवैध माइनिंग के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था और माइनिंग के खिलाफ एनजीटी में केस दायर किया है। कार में अगली सीट पर बैठा अंगूरा वाला बाग निवासी राजेश कुमार बेदी बाल-बाल बच गया। मयंक को गोली लगने से कार चक्की पुल ओवरब्रिज के ऊपर डिवाइडर से टकराकर रुक गई और हमलावर फरार हो गए। सूत्रों के अनुसार शूटर 3 दिन से मयंक की रेकी कर रहे थे। बताया गया कि मयंक सुजानपुर स्थित बैंक में खाता खुलवाने गया था और वहां से घर आ रहा था। पुलिस ने कहा कि वारदात में इस्तेमाल बाइक का नंबर ट्रेस कर लिया है। एसएसपी दिलजिंद्र सिंह ढिल्लों ने कहा कि आरोपियों के 2 करीबियों को राउंडअप किया है। किंगपिन की जानकारी मिल गई है और जल्द खुलासा किया जाएगा।


