गढ़वा|आरके पब्लिक स्कूल अधौरा बंशीधर नगर में आज एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह विद्यालय के दसवीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में आयोजित किया गया। जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के निदेशक एवं सुप्रसिद्ध शिक्षाविद् अलखनाथ पांडेय उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर की गई। अपने संबोधन में निदेशक अलखनाथ पांडेय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई व उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में आने वाली चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने और निरंतर मेहनत व अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अलखनाथ पांडेय ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्मार्ट क्लास, खेलकूद की आधुनिक सुविधाएं, चैतन्य शैक्षणिक गतिविधियां और बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए विशेष कार्यशालाओं का आयोजन विद्यालय की प्रमुख विशेषताएं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ परीक्षा परिणामों तक सीमित नहीं है, बल्कि हम बच्चों को एक बेहतर नागरिक और समाज के लिए जिम्मेदार व्यक्ति बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। विद्यालय में दिखावे की जगह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और वास्तविक शैक्षणिक गतिविधियों पर जोर दिया जाता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके सहयोग और विश्वास से ही विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। यह सम्मान समारोह न केवल छात्रों के लिए एक प्रेरणास्रोत रहा, बल्कि पूरे क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता और सकारात्मक माहौल के निर्माण में भी सहायक सिद्ध हुआ। भास्कर न्यूज|गढ़वा टंडवा|गढ़वा स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में शनिवार को ग्रीष्मकालीन शिविर का प्रारंभ बड़े धूमधाम से किया गया। शिविर का शुरुआत प्रबंधन समिति के पदाधिकारी तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य भाष्कर बाला चंदरूडू के द्वारा दीप प्रज्वलन कर तथा फीता काटकर किया गया। मौके पर तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा वातावरण उत्साहपूर्ण हो उठा। शिविर में भाग लेने वाले बच्चे बड़े उत्साहित नजर आ रहे थे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधन समिति निदेशक अनूप सोनी, सचिव आलोक सोनी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य भाष्कर बाला चंद्ररुडू ने सभी बच्चों को हार्दिक शुभकामनाएं दी। वहीं उज्जवल भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया। शिविर के पहले दिन योग शिविर का आयोजन अत्यंत सराहनीय रहा। इसके अलावे तिरंदाजी, राइफल सूटिंग के साथ कौशल विकास से युक्त क्रियाकलापों का भी आयोजन किया गया। मौके पर लोगों ने कहा कि इस ग्रीष्मकालीन शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्रों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और चरित्र का पोषण करने का अवसर प्रदान करना है। यह आयोजन प्री-नर्सरी से लेकर वर्ग नौ तक सभी बच्चों के लिए किया गया है। लगभग सात दिनों तक चलने वाला यह शिविर कई अनोखे कार्यक्रमों से परिपूर्ण होगा। विद्यालय का लक्ष्य इस कार्यक्रम के माध्यम से एक गतिशील और समावेशी मंच बनाना है। जहां बच्चे एक सदुपयोग वातावरण में आवश्यक जीवन कौशल का निर्माण कर सकते हैं।


