भास्कर न्यूज|डंडई प्रखंड मुख्यालय डंडई स्थित पैराडाइज पब्लिक स्कूल कि होनहार छात्रा ने 9वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी विषयों में A+ ग्रेड प्राप्त कर न केवल अपने स्कूल, बल्कि पूरे प्रखंड का नाम रोशन की है। अलिजा खान की इस उपलब्धि पर स्कूल में खुशी का माहौल है। स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने छात्रा की मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना की है। स्कूल के निदेशक सिकंदर प्रजापति ने छात्रा के उत्कृष्ट प्रदर्शन की भूरी-भूरी प्रशंसा की। वहीं निदेशक ने कहा कि विद्यालय का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा। उन्होंने कहा कि सभी बच्चे इसी तरह कड़ी मेहनत करते रहें, एक न एक दिन मेहनत का फल जरूर प्राप्त होता है। वहीं प्रधानाध्यापक बिंदु कुमार ने बताया कि छात्रा अलिजा खान शुरू से ही पढ़ाई में होशियार रही हैं और उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। अलिजा खान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित पढ़ाई को दी।छात्रा ने आगे भी अच्छे अंकों के साथ बोर्ड परीक्षा पास कर डॉक्टर बनने की इच्छा जताई है। इधर अलिजा खान के शानदार प्रदर्शन पर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि महेश्वर राम ने छात्रा को बधाई दी है। वहीं शिक्षा विभाग कि बीपीओ रेनू बाला ने भी इस सफलता के लिए बधाई दी है और छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


