यात्रा का लोगों ने पुष्प वर्षा से स्वागत किया

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को अंबिकापुर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह आयोजन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत किया गया। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली बच्चों, युवाओं और आम लोगों ने उत्साह से भाग लिया। शहर से लेकर गांव तक देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगा यात्रा की शुरुआत जिले के प्रमुख स्थलों से हुई। यह नगर के मुख्य चौराहों, गलियों और सड़कों से होती हुई आगे बढ़ी। हर हाथ में तिरंगा था। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘जय हिंद’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। यात्रा ने लोगों के भीतर देशप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और गहरा किया। इस आयोजन में अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, महापौर मंजूषा भगत, कलेक्टर विलास भोसकर, जनपद पंचायत और पंचायत सदस्यों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक शामिल हुए। सभी ने तिरंगा लहराकर देश की एकता, अखंडता और सैन्य बल के सम्मान में समर्थन जताया। विधायक राजेश अग्रवाल ने कहा, यह तिरंगा यात्रा हमारे सैन्य शौर्य के सम्मान में निकाली गई है। हाल ही में हुए आतंकी हमले में निर्दोष लोगों की हत्या हुई थी। हमारी सेना ने उसका मुंहतोड़ जवाब दिया। यह यात्रा उन वीर जवानों को श्रद्धांजलि है, जिन्होंने देश की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर किए। तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों के चेहरों पर जोश और गर्व साफ नजर आया। महिलाएं, पुरुष, युवा और बुजुर्ग सभी देशभक्ति के रंग में रंगे दिखे। रास्ते में लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। बच्चों ने हाथों में छोटे तिरंगे लेकर ‘वंदे मातरम’ और ‘जय हिंद’ के नारे लगाए। पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। यह यात्रा प्रशासन और जनता के एकजुट प्रयास का प्रतीक बनी। ऑपरेशन सिंदूर के तहत निकाली गई यह तिरंगा यात्रा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगी। इस आयोजन ने जिले में यह संदेश दिया कि भारतवासी अपने देश, सेना और संविधान पर गर्व करते हैं। तिरंगे की यह यात्रा राष्ट्र के प्रति श्रद्धा का प्रतीक बनी। नागरिकों ने संकल्प लिया कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए वे हमेशा सजग रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *