भास्कर न्यूज | उदयपुर रामगढ़ में “एक राष्ट्र, एक चुनाव” विषय पर अंबिकापुर विधानसभा स्तरीय संगोष्ठी हुई। कार्यक्रम में अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया और संवाद प्रमुख संतोष दास मुख्य वक्ता रहे। जिला प्रभारी मधुसूदन शुक्ला अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह पहल लोकतंत्र को मजबूत बनाएगी। बार-बार चुनाव से काम का समय कम होता है। विकास कार्य रुकते हैं। पांच साल के कार्यकाल में चार साल चुनाव में बीत जाते हैं। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराए जाएं तो देश का धन बचेगा। यह धन विकास कार्यों में लगेगा। भाजपा की सोच हमेशा राष्ट्रहित में रही है। संवाद प्रमुख संतोष दास ने कहा कि देश को एकजुट करने और संसाधनों के सही उपयोग के लिए यह प्रणाली जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक साथ चुनाव से करीब 4.50 लाख करोड़ की बचत होगी। यह देश की जीडीपी के 1.5 प्रतिशत के बराबर है। इस बचत से देश में विकास के नए अध्याय लिखे जा सकते हैं। उन्होंने लोगों से इस विचार को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। संगोष्ठी को भाजपा जिला मंत्री राधेश्याम सिंह ठाकुर, देवगढ़ मंडल अध्यक्ष अखंड विधायक सिंह और रामगढ़ मंडल अध्यक्ष प्रबोध सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन त्रिलोचन सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राधा रवि, अनिल प्रताप सिंह, राकेश अग्रवाल, संतोष जायसवाल, श्याम लाल जायसवाल, कल्पना भदौरिया, चंद्रबसु यादव, दिनेश यादव, सुरेश अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, मुन्ना सिंह, अर्जुन सिंह, नागेश्वरी बाई, बुधमोहन सिंह, रमेश यादव, मनीष बंसल आदि मौजूद रहे।


