12 घंटे के अंतराल में जिले में दो सड़क हादसों में चार लोगों की मौत

भास्कर न्यूज | गिरिडीह/ बगोदर जिले में 12 घंटे के अंदर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसे में चार की मौत हो गई। पचंबा – चितरडीह सड़क में शुक्रवार की दोपहर में कार और बाइक की टक्कर में घायल हुए युवक निक्की मंडल(30) की मौत देर रात में हो गई। इसी बीच रात में ही बगोदर-सरिया रोड पर अंबाडीह के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार पति, पत्नी और डेढ़ साल के बेटे की मौत हो गई। कार में अशीष कुमार (35), पत्नी श्वेता कुमारी (29) और 15 माह का बेटा अशवत अयंश सवार थे। तीनों रांची से अपने घर सरिया लौट रहे थे। तभी अंबाडीह के पास कार का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे पेड़ से जा टकराई। हादसे की सूचना मिलते ही बगोदर पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों को बगोदर ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद श्वेता कुमारी और बेटे अशवत को मृत घोषित कर दिया। वहीं अशीष कुमार को प्राथमिक इलाज के बाद हजारीबाग रेफर किया गया। पर हजारीबाग ले जाते समय रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद बगोदर पुलिस ने परिवार वालों को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों की भीड़ अस्पताल में लग गई। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौप दिया है। 10 दिन पूर्व हुई थी निक्की मंडल की शादी, हादसे में चली गई जान पचंबा- चितरडीह सड़क पर नावाडीह गांव में कोरंगो नदी पुल के पास शुक्रवार दोपहर करीब 3.15 बजे तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक की टक्कर में खावा निवासी गोकुल मंडल के छोटे पुत्र निक्की मंडल(30) की मौत हो गई। निक्की का विवाह 7 मई को हुआ था। वह रोज की तरह ड्यूटी के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहा था। तभी कोरंगो नदी पुल पार करते समय जमुआ से पचंबा की ओर जा रही तेज रफ्तार महिंद्रा टीयूवी ने सामने से टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने घायल निक्की को सदर अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे धनबाद रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *