पलामू में एक राज्य कर पदाधिकारी द्वारा छोड़े जाने वाले ट्रक से पुलिस ने 600 पेटी शराब बरामद की है। डाल्टनगंज के राज्य कर पदाधिकारी ने 13 मई को रेडीमेड गारमेंट से भरा एक ट्रक जब्त कर टीओपी टू परिसर में रखा था। अगले दिन जांच के दौरान ट्रक का चालक फरार हो गया और अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। 16 मई की रात को कर विभाग ने टीओपी टू प्रभारी राकेश कुमार को एक पत्र देकर कहा कि वाहन मालिक ने टैक्स जमा कर दिया है। उन्होंने नए चालक सुरिंदर सिंह को ट्रक सौंपने को कहा। पुलिस का हुआ शक तो शुरू की जांच पुलिस को शक हुआ और जांच शुरू की। एसपी के निर्देश पर दंडाधिकारी की मौजूदगी में ट्रक की जांच की गई। कपड़े के बोरों के बीच छिपाकर रखी गई रॉयल स्टैग और मैकडॉवेल की शराब मिली। शराब की बोतलों पर ‘फॉर सेल इन पंजाब ओनली’ लिखा था। पूछताछ में सुरिंदर सिंह ने बताया कि वाहन मालिक तगा राम ने पंजाब से शराब भिजवाई थी। इसे तिलैया के महेंद्र यादव उर्फ धोनी और बरही के पप्पु साव को देना था। योजना थी कि स्प्रिट मिलाकर नई बोतलें बनाई जाएंगी और झारखंड का लेबल लगाकर बिहार में बेचा जाएगा। शहर थाने में राजस्थान के ट्रक मालिक तगा राम, भागे हुए चालक मोहन, नए चालक सुरिंदर सिंह और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।


