हरियाणा में पकड़े पाकिस्तानी जासूस से खुलासा:पंजाब से पाकिस्तान गया, युवती ने हनीट्रैप में फंसाया; ट्रेनिंग दिला पैसा-लड़कियों का लालच दिया

हरियाणा में पानीपत के बाद कैथल में शुक्रवार को पकड़े गए पाकिस्तान जासूस देविंदर सिंह (25) को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। वह पाकिस्तान में सिख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने गया था। जहां एक युवती ने उसे हनीट्रैप में फंसा लिया। इसके बाद उसे 7 दिन अपने पास रखा। युवती ने उसे पाकिस्तान में जासूसी की ट्रेनिंग दिलाई। फिर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के 5 एजेंटों के साथ संपर्क करा दिया। युवती ने उसे लालच दिया कि अगर वह खुफिया सूचनाएं देगा तो उसकी फ्रेंडशिप और खूबसूरत युवतियों से कराएगी। इसके अलावा उसे रुपए भी मिलेंगे। युवक लालच में आ गया और सेना से जुड़ी जानकारियां भेजने लगा। पुलिस ने युवक को हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर फोटो डालने के बाद कैथल के गुहला थाने में केस दर्ज कर पकड़ा था। मगर, पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा है। शुरुआती जांच में पता चला कि वह ISI के एजेंटों को अब तक पटियाला कैंट क्षेत्र की जानकारी और फोटो को भेज चुका है। इसके बाद उसने डेटा मोबाइल से डिलीट कर दिया। पुलिस अब उसके बैंक खातों की जानकारी और डिलीट किया डेटा रिकवर करने की कोशिश कर रही है। आरोपी ने पुलिस को अब तक क्या-क्या बताया… पटियाला के खालसा कॉलेज का छात्र आरोपी
SP आस्था मोदी ने बताया कि आरोपी देविंदर सिंह ने 13 मई को फेसबुक पर अवैध हथियारों से संबंधित एक पोस्ट डाली थी, जिसके बाद उसे काबू कर पूछताछ की गई। वह पटियाला के खालसा कॉलेज में MA फर्स्ट ईयर पॉलिटिकल साइंस का छात्र है। पटियाला में ही वह किराये पर रह रहा था। जासूसी के बदले उसे मोटी रकम मिली होगी, इसलिए पुलिस उसके और उसके परिजनों के खाते की जानकारी निकाल रही है। वह मिडिल क्लास फैमिली का लड़का है। उसके माता-पिता और छोटी बहन है। बहन 12वीं की पढ़ाई कर रही है। पिता किसान हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *