इंदौर में मोदी का पोस्टर लॉक, आंख पर पट्टी बांधी:रतलाम-उज्जैन में शाह और देवड़ा का पुतला फूंका; सेना पर आपत्तिजनक बयान का विरोध

मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए आपत्तिजनक बयान के बाद डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते भी अपने बयानों के कारण विवादों में घिर गए हैं। इसको लेकर कांग्रेस ने तीनों नेताओं और बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इंदौर में कांग्रेस ने बयानों के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर पर मुंह पर ताला लगाकर और आंखों पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। वहीं, रतलाम में महिला कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह की फोटो पर चूड़ियों का हार पहनाया और डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का पोस्टर जलाया। इसी तरह उज्जैन, मंदसौर, शिवपुरी, रतलाम, उमरिया, श्योपुर में भी कांग्रेस और महिला कांग्रेस ने देवड़ा और विजय शाह के पुतले जलाकर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस विधायक ने तीनों सेनाओं के अध्यक्षों को सलामी दी
भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने अंकुर ग्राउंड के सामने तीनों सेनाओं के अध्यक्षों को सामूहिक सलामी दी। इसके बाद उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश पर ही मंत्री विजय शाह पर FIR हुई और पूरा विश्वास है कि कोर्ट ही बर्खास्त करने का आदेश देगा। पूर्व सैनिक बोले- सरकार दोषियों पर कार्रवाई को लेकर जल्द फैसला ले
भोपाल में कांग्रेस मुख्यालय में शनिवार को पूर्व सैनिकों की बैठक हुई। इस दौरान रिटायर्ड मेजर जनरल श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने कहा कि भले ही सेना कुछ नहीं कह सकती, लेकिन बतौर पूर्व सैनिक ऐसे बयानों से हमें भी आघात पहुंचा है। अगर सरकार जल्द ही फैसला नहीं लेगी तो वह भी दोषी होगी। ऐसी स्थिति में देश भर के पूर्व सैनिक जनता के साथ सड़कों पर आ जाएंगे। इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन इंदौर कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर शहर कांग्रेस, जिला कांग्रेस एवं पार्षद दल द्वारा मंत्री विजय शाह और डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सेना का अपमान करने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने एवं मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की। ग्वालियर में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस में बहस ग्वालियर के फूलबाग चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का पुतला जलाया। इस दौरान पुलिस ने बिना अनुमति किए गए प्रदर्शन को लेकर पुतला छीनने का प्रयास किया, जिसके चलते पुलिस और कांग्रेसियों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। आरएसएस कार्यालय तक कांग्रेस का पैदल मार्च जबलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता गौ माता चौक पर एकत्रित हुए और पैदल मार्च करते हुए आरएसएस के कार्यालय केशव कुटी पहुंचे। जहां उन्होंने एक प्रार्थना पत्र सौंपा और मांग की है कि जल्द से जल्द दोनों मंत्रियों को बर्खास्त किया जाए। देखिए प्रदर्शन की 7 तस्वीरें- अब पढ़िए बीजेपी के तीन नेताओं के वो बयान जो विवादों में हैं… बयान नंबर-1: कैबिनेट मंत्री विजय शाह
‘मोदी जी ने उनकी बहन को उनकी ऐसी की तैसी करने उनके घर भेजा’
विवाद की शुरुआत मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए आपत्तिजनक बयान से हुई। उन्होंने महू में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था- उन्होंने (आतंकियों ने) कपड़े उतार-उतार कर हमारे हिंदुओं को मारा और मोदी जी ने उनकी बहन को उनकी ऐसी की तैसी करने उनके घर भेजा। अब मोदी जी कपड़े तो उतार नहीं सकते, इसलिए उनकी समाज की बहन को भेजा कि तुमने हमारी बहनों को विधवा किया है तो तुम्हारे समाज की बहन आकर तुम्हें नंगा करके छोड़ेगी। इस आपत्तिजनक बयान को लेकर एमपी हाईकोर्ट के आदेश पर मंत्री विजय शाह के खिलाफ इंदौर के मानपुर थाने में FIR दर्ज की गई थी। मंत्री इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं। इस पर सुनवाई सोमवार (19 मई) को होगी। बयान नंबर-2: डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा
‘पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक…उनके चरणों में नतमस्तक हैं’
शुक्रवार को जबलपुर में सिविल डिफेंस वालंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने भी विवादित बयान दे डाला। उन्होंने कहा- प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे।…और पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक…उनके चरणों में नतमस्तक है। उनके चरणों में पूरा देश नतमस्तक है। उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, जितना कहा जाए, एक बार उनके लिए जोरदार तालियां बजाकर स्वागत करिए। बयान नंबर-3: सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते
‘जो हमारे आतंकवादी हैं, लोग हैं, उनको उन्होंने मुंहतोड़ जवाब दिया’
मंडला सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते बुधवार को डिंडौरी के अमरपुर में सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए थे। इसके बाद दैनिक भास्कर से बातचीत में वे मंत्री विजय शाह के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। तभी उनकी जुबान फिसली और वे आतंकियों को ‘हमारे’ कह बैठे। कुलस्ते ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर पर मोदी जी ने जवाब दिया। इस देश के लिए और समाज के लिए, उसकी पूरी क्षमता से, सेना की, हम उसकी बहुत सराहना करते हैं। इस प्रकार के नागरिक या सेना के अधिकारी, हम सब के लिए गौरव का विषय है, भारत के लिए पाकिस्तान के जो हमारे आतंकवादी हैं, लोग हैं, उनको उन्होंने मुंहतोड़ जवाब दिया है। विवादित बयान से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें- MP के मंत्री का कर्नल सोफिया पर आपत्तिजनक बयान ऑपरेशन सिंदूर पर डिप्टी-सीएम का विवादित बयान भाजपा सांसद कुलस्ते ने आतंकियों को कहा ‘हमारे’ विरोध प्रदर्शन के अपडेट्स के लिए नीचे दिए गए ब्लॉग से गुजर जाइए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *