कर्नल सोफिया के अपमान के विरोध में मंत्री का फूंका पुतला

भास्कर न्यूज| कोडरमा आतंकवादी हमले के खिलाफ पाकिस्तान पर भारतीय सेना की कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर का नेतृत्व करने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी को आतंकियों की बहन कहकर संबोधित करने के खिलाफ शनिवार को कोडरमा बाजार में जुलूस निकाल माकपा ने मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह का पुतला फूंका। जुलूस में जहां मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह को बर्खास्त करो, सेना का अपमान करने वाले उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा शर्म करो, आतंकवाद मुर्दाबाद, भारतीय आर्मी जिंदाबाद आदि नारे लगाए जा रहे थे। माकपा के राज्य सचिवमंडल सदस्य संजय पासवान ने कहा कि भारत को हमेशा अपनी सेना पर गर्व रहा है। भारतीय सेना विश्व की सबसे अनुशासित, समर्पित और बहादुर सेनाओं में गिनी जाती है। मंत्री विजय शाह की कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई टिप्‍पणी और उस पर भाजपा की चुप्पी से यह बात और साफ हो गई है. कर्नल सोफिया कुरैशी मुस्लिम धर्म से हैं, और उन्हें आतंकवादियों की बहन कहकर अपमानित करना विभिन्न धार्मिक समूहों के बीच सामंजस्य बनाए रखने के लिए हानिकारक हो सकता है, क्योंकि इससे यह धारणा बन सकती है कि भारत के प्रति निस्वार्थ सेवा के बावजूद, किसी व्यक्ति को केवल इसलिए अपमानित किया जा सकता है, क्योंकि वह मुस्लिम धर्म का है। मंत्री विजय शाह का बयान न सिर्फ कर्नल सोफिया कुरैशी और उनके परिवार का अपमान है, बल्कि भारतीय सेना का भी अपमान है। सीपीएम के जिला सचिव असीम सरकार ने कहा कि भाजपा के एक और नेता और मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने एक और विवादित बयान देकर भाजपा की संविधान, सेना और देश की 140 करोड़ जनता के प्रति सोच का खुलासा कर दिया है. जब पूरा देश सेना को नमन कर रहा है, तब भाजपा के एक मंत्री के विवादित बयान पर भाजपा पहले ही चुप थी, अब उसके उप मुख्यमंत्री ने कह दिया है कि पूरा देश और देश की सेना मोदी जी के चरणों में नतमस्तक है। ऐसे लोगों को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *