भास्कर न्यूज| धमतरी धमतरी में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने स्कूल में ताला लगाकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुंह पर काली पट्टी बांधी। स्कूल के बाहर ब्लैकबोर्ड के साथ बच्चों को बैठाकर विरोध जताया गया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने कहा कि 4000 स्कूलों को बंद करने की सरकारी योजना है। ऐसे में 35 हजार शिक्षक बेरोजगार हो जाएंगे। इससे शिक्षा की गुणवत्ता और पहुंच दोनों पर असर पड़ेगा। साथ ही हाल ही में 67 नई शराब दुकानों को खोलने का आदेश जारी किया गया है। सरकार युवाओं को नशे की ओर धकेल रही है। शिक्षा को नजरअंदाज किया जा रहा है। शिक्षा को व्यापार बना दिया गया है। निजी स्कूलों को बढ़ावा मिल रहा है। सरकारी स्कूलों को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां शराब दुकानें खोली जा रही हैं, वहां जनता विरोध कर रही है। फिर भी सरकार सुन नहीं रही। मांग की कि स्कूलों को पहले की तरह चालू रखा जाए। विरोध वाले इलाकों में शराब दुकानें बंद की जाएं। प्रदर्शन में पारसमणि साहू, ओमप्रकाश मानिकपुरी, नमन बंजारे, नोमेश सिन्हा, हित्तू गंगबेर, चितेंद्र साहू, तेजप्रताप साहू, देवेंद्र देवांगन, यश यादव, उमेश साहू, सौरभ राव, सुदीप सिन्हा, तेजप्रकाश साहू, दादू, धर्मेंद्र पटेल, कृष्णा लहरे, अन्नू, रुद्र सिन्हा, रोहन, तामेश्वर व अन्य रहे।


