लुधियाना के जगराओं में सिधवा ब्रांच नहर के किनारे तार चोरी का मामला सामने आया है। इस दौरान ग्रामीणों ने सलेमपुरा के दो संदिग्धों को पकड़ लिया। लोगों ने दोनों की पिटाई की और पूछताछ की। जिसके बाद उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। घटना गांव गिदड़विंडी के गुरुद्वारा बावली साहिब की है। जहां खेतों में रात 11 बजे दो चोर मोटर पंपों से तांबे की केबलें उखाड़ रहे थे। खेतों में सब्जी उगाने वाले किसान रात में रखवाली कर रहे थे। किसान ने केबल काटने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों को सूचना दी। गिदड़विंडी, जनेतपुरा, सोढीवाल और मलसीहा बाजण के लोगों ने क्षेत्र को घेर लिया। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई। इसके बाद लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस के हवाले किया आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चोरी का माल सिद्धवां बेट-किशनपुरा रोड स्थित एक कबाड़ दुकान पर बेचते थे। किसानों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और कबाड़ी पर कार्रवाई की मांग की। मामले की जांच कर रही पुलिस चौंकी गिदड़विंडी के इंचार्ज सुखमंदर सिंह जैतो ने बताया कि सलेमपुरा निवासी सुखजिंदर सिंह उर्फ सोनू और नया सलेमपुरा निवासी लक्ष्मण ऋषि के खिलाफ थाना सिधवा बेट में मामला दर्ज किया गया है। दोनों से चोरी की तारें बरामद कर ली गई हैं। जांच में कबाड़ी की भूमिका सामने आने पर उसे भी मामले में शामिल किया जाएगा।


