मोगा के तीन नशा तस्कर जगराओं में पकड़े:हेरोइन और अवैध हथियार बरामद, फिरोजपुर के तस्कर के लिए कर रहे थे काम

लुधियाना के जगराओं में सीआईए स्टाफ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हाईटेक नाके पर तीन हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोगा जिले से मारुति कार में अजीतवाल से जगराओं की तरफ हेरोइन की सप्लाई करने जा रहे थे। जानकारी के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में मोगा जिले के रहने वाले अमृतपाल सिंह उर्फ अवीजोत, सरबजीत सिंह उर्फ सब्बा और रविंद्र सिंह शामिल हैं। थाना सदर जगराओं में इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हेरोइन और अवैध हथियार बरामद एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता ने बताया कि गुरुसर काउके के पास नाका लगाकर वाहनों की तलाशी ली गई। आरोपियों से 301 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। इसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए है। इसके अलावा एक पिस्तौल, मैगजीन और तीन राउंड भी बरामद किए गए हैं। फिरोजपुर के तस्कर के लिए करते हैं काम जांच अधिकारी गुरसेवक सिंह के अनुसार, आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में कई बड़े खुलासे और बरामदगी की संभावना है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तीनों आरोपी फिरोजपुर के बड़ा गांव के नशा तस्कर रोशन के लिए काम कर रहे थे। रोशन चार-पांच महीने पहले ही हेरोइन केस में जेल से बाहर आया है। जेल से छूटने के बाद उसने पैसों के लालच में कुछ नौजवानों को नशे के धंधे में शामिल किया। पुलिस ने रोशन को भी मामले में नामजद किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *