एनएच 143 के दोनों ओर लगेंगे पेवर ब्लॉक

भास्कर न्यूज|सिमडेगा उपायुक्त अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को नगर परिषद सिमडेगा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें शहरी क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई और कई योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। उपायुक्त ने एनएच-143 के दोनों ओर चौड़ीकरण के तहत पेबर ब्लॉक लगाने का निर्देश दिया। सामटोली चर्च रोड में शीघ्र कार्य आरंभ करने के लिए संबंधित एजेंसी को निर्देशित करने के लिए कहा। उन्होंने इस क्षेत्र में कई शिक्षण संस्थानों की मौजूदगी का हवाला देते हुए बच्चों की सुविधा के लिए तय समय में कार्य पूर्ण करने की बात कहीं। पाकरटांड़ प्रखंड को जोड़ने वाली सुन्दरपुर-आनंद नगर सड़क की मरम्मत कार्य को नगर क्षेत्र तक विस्तारित करने के निर्देश भी दिए गए। नगर क्षेत्र में नागरिक सुविधा के लिए कई स्थानों पर हाईमास्ट लाइट लगाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर ज्रेडा कंपनी को पत्र प्रेषित करने की बात कही। महात्मा गांधी स्मारक स्थल पर मल्टी-कॉम्पलेक्स निर्माण, बस स्टैंड का सौंदर्यीकरण, अटल पार्क में सीसीटीवी कैमरा की स्थापना, नगर परिषद सीमा पर तोरणद्वार निर्माण व बस स्टैंड में फल विक्रेताओं के लिए दुकान निर्माण सहित कई प्रस्तावों पर विचार विमर्श कर स्वीकृति दी गई। उपायुक्त ने कहा कि नगर क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए उपयुक्त योजनाएं चयनित कर उनका प्रभावी क्रियान्वयन करें। बैठक में डीडीसी संदीप कुमार दोराईबुरु, नगर परिषद प्रशासक समीर बोदरा, सांसद प्रतिनिधि डीडी सिंह अन्य पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *