अवैध खनन व परिवहन पर सख्ती से करें कार्रवाई : डीसी

भास्कर न्यूज | लातेहार जिले में अवैध खनन पर रोक के लिए सोमवार को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के आधार पर अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि 26 अप्रैल से अब तक अवैध खनन, परिवहन और भंडारण में 37 वाहन जब्त किए गए। दो प्राथमिकी दर्ज हुई। 7 लाख 69 हजार 925 रुपए जुर्माना वसूला गया। उपायुक्त ने सभी थाना प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों को संयुक्त रूप से औचक छापेमारी करने का निर्देश दिया। अवैध खनन में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा। बताया गया कि मानसून को देखते हुए 10 जून से 15 अक्टूबर तक सभी बालू घाटों से बालू का उठाव बंद रहेगा। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी अंचल अधिकारी अपने स्तर से पत्राचार कर मुखिया को इसकी जानकारी दें। जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि कैटेगरी 1 बालू घाटों से संबंधित प्रस्ताव अंचल अधिकारियों द्वारा भेजे गए हैं, जो त्रुटिपूर्ण हैं। उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को 15 जून तक त्रुटियों को सुधारकर प्रस्ताव जिला खनन कार्यालय को देने का निर्देश दिया। बैठक में कोयला और बालू के अवैध खनन, परिवहन, भंडारण, जांच और रॉयल्टी संग्रहण की गहन समीक्षा की गई। उपायुक्त ने टास्क फोर्स द्वारा की गई कार्रवाई की पूरी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि उनके क्षेत्र में एक भी वाहन से अवैध खनन न हो। दोषियों को पकड़कर तुरंत एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई करने सहित कई निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ प्रवेश अग्रवाल, अपर समाहर्ता रामा रविदास, डीटीओ सुरेन्द्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार मिश्रा, डीएमओ नदीम सफी, सभी अंचल अधिकारी और संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे। थाना प्रभारी वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *