कोरबा में एक वकील ने दो बच्चों की मां के साथ रेप किया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता अपने दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती है। वह रोजी-मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रही है। पीड़िता का पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। उसने दूसरी शादी भी कर ली थी। इससे तंग आकर महिला अपने बच्चों के साथ अलग रहने लगी। दोनों का तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। इस दौरान एमपी नगर निवासी वकील श्रीराम श्रीवास ने भरण-पोषण दिलाने में मदद का वादा किया। उसने पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने शादी की बात की तो आरोपी ने इनकार कर दिया। पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी श्रीराम श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।


