खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर किशोर कुमार की अगुवाई में चल रहे राजस्व सुधार अभियान के तहत सोमवार को किशनगढ़ बास उपखंड के खानपुर मेवान में एक विशेष राजस्व शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 40 साल से जारी एक बड़े अतिक्रमण को हटाकर रास्ता और कब्रिस्तान को मुक्त कर दिया गया। ग्राम मोठूका के खसरा नंबर 1189 पर दशकों से गैर मुमकिन रास्ता और कब्रिस्तान पर कब्जा कर रखा गया था। तहसीलदार नरेंद्र सिंह भाटिया के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को हटाया और ग्रामीणों को राहत दी। यह कदम इलाके के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ, क्योंकि इस रास्ते के खुलने से लोगों के आवागमन में वर्षों की परेशानी खत्म हो गई। शिविर में 22 मामलों का समाधान खानपुर मेवान भू.अ.नि. वृत्त में आयोजित शिविर में कदीमी रास्तों के रिकॉर्ड अंकन, सीमाज्ञान, नामांतरण और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण से जुड़े कुल 22 मामलों का निस्तारण किया गया। इसमें धारा 91 के तहत 4 मामले, सीमाज्ञान का 1 मामला, सरकारी भूमि पर 6 अतिक्रमण और 10 नामांतरण के प्रकरण शामिल थे। अगली कार्रवाई 27 दिसंबर को जिला कलेक्टर ने बताया कि राजस्व सुधार अभियान के अगले चरण में 27 दिसंबर को नांगल उलाहेड़ी और शाहबाद भू.अ.नि. वृत्तों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों की भूमि से जुड़ी समस्याओं का त्वरित और स्थायी समाधान करना है।


