जांजगीर | जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के तहत एक ही दिन में 18 लोग शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़े गए। सभी के वाहन जब्त कर लिए गए हैं और चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। इन सभी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। चेकिंग के दौरान अन्य नियम उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की गई। इनमें तेज रफ्तार से वाहन चलाना, बिना हेलमेट बाइक चलाना, बिना सीट बेल्ट कार चलाना और मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाना शामिल है। कुल 133 वाहन चालकों पर नियम तोड़ने के आरोप में कार्रवाई की गई और उनसे कुल 56,700 रुपये समन शुल्क वसूला गया। शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरफीडिंग और मालवाहक में सवारी बैठाने वालों के खिलाफ लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। यह अभियान सड़क हादसों को रोकने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया।


