लुधियाना|इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के मैनेजर और रिकवरी एजेंट ने अपने मालिक के साथ विश्वासघात करते हुए 25 लाख रुपये ठग लिए हैं। आरोपी मैनेजर साथी समेत 3 साल तक मालिक को चपत लगाता रहा। जब पीड़ित ने खुद ही इसकी जांच की तो ठगी का खुलासा हुआ। गुरदीप सिंह वासी किला रायकोट ने बताया कि उनका न्यू वीर इलेक्ट्रॉनिक नाम का शोरूम गांव डेहलों में है। जहां आरोपी मैनेजर 7 साल से काम कर रहा था। कई ग्राहक क्रेडिट पर लिए सामान की किश्त नहीं दे रहे थे। उन्होंने एक जानकार के बैंक अकाउंट की डिटेल निकाली तो देखा कि उनके अकाउंट में रुपये तो बहुत हैं, लेकिन वह किश्त नहीं दे रहे हैं। शिकायत के 7 महीने बाद पुलिस ने पर्चा दर्ज किया शिकायतकर्ता ने जब उक्त जानकार से बात की तो खुलासा हुआ कि उन्होंने तो रुपये उनके मैनेजर को दे दिए हैं। लेकिन रुपये उनके पास कभी आए ही नहीं। फिर जब मैनेजर से पूछताछ की तो पता चला कि वह मार्केट से रुपये ले लेता था। लेकिन दफ्तर में जमा नहीं करवाता था। इसके साथ ही उसने बजाज कंपनी से इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर बाहर से ही लोगों को बेच दिया। इसके बारे में शिकायतकर्ता को जानकारी नहीं दी। मैनेजर ने ये भी बताया कि इस काम में उनका रिकवरी एजेंट में उसकी मदद करता था। ऐसा करते हुए दोनों ने 3 साल में करीब 25 लाख रुपये ठग लिए है। शिकायतकर्ता गुरदीप सिंह ने बताया कि शिकायत के 7 महीनों के बाद पुलिस ने पर्चा दर्ज किया। वहीं थाना डेहलों से जांच अधिकारी सुखपाल सिंह ने बताया कि फिलहाल आरोपी मैनेजर दलवीर सिंह पुत्र गुलविंदर सिंह वासी किला रायकोट पर पर्चा दर्ज किया है। पुलिस को केस की जांच करने में इतना समय लग गया इसलिए पर्चा देरी से दर्ज हुआ है।


