प्रदेश में शिक्षक के 45 हजार पद होंगे खत्म

भास्कर न्यूज | कवर्धा मंगलवार को डिप्टी सीएम विजय शर्मा अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। इस मौके पर छग टीचर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष रमेश कुमार चन्द्रवंशी के नेतृत्व में स्थानीय सर्किट हाउस में विजय शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान युक्तियुक्तकरण, पूर्व सेवा गणना कर पूर्ण पुरानी पेंशन, हाई कोर्ट के निर्णय अनुसार क्रमोन्नति का जनरल आदेश जारी करने से संबंधित विषय पर सकारात्मक चर्चा हुई। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि 2008 में जारी सेटअप के अनुसार युक्तियुक्तकरण में हमें कोई आपत्ति नहीं है। हमारा विरोध सेटअप के विपरीत प्रदेश के सभी प्राथमिक व मिडिल स्कूल में शिक्षक के एक-एक पद समाप्त करने को लेकर हैं। इससे प्रदेशभर में लगभग 45 हजार शिक्षकों के स्वीकृत पद हमेशा के लिए समाप्त हो जाएंगे, जिससे बुनियादी शिक्षा व्यवस्था चौपट हो जाएगी। प्राथमिक शाला में कक्षा एक से पांच तक पांच कक्षा व बालवाड़ी की एक कक्षा को मिलाकर कुल 6 कक्षा को दो शिक्षक कैसे पढ़ाएंगे। इसी प्रकार हायर सेकेंडरी स्कूलों में कामर्स के दो में से एक पद को समाप्त किया जा रहा है। पूर्व सेवा गणना के साथ ही क्रमोन्नति पर चर्चा की गई शिक्षक (एलबी) संवर्ग के संविलियन से पहले पंचायत विभाग की सेवा अवधि को जोड़कर 20 वर्ष की सेवा में पूर्ण पुरानी पेंशन देने और हाई कोर्ट के डबल बेंच में दिए गए निर्णय के अनुसार दस वर्ष में प्रथम व बीस वर्ष में द्वितीय क्रमोन्नति या समयमान वेतनमान देने की मांग रखी। डिप्टी सीएम शर्मा ने शिक्षकों के मांगों पर तार्किक चर्चा उपरांत सकारात्मक समाधान का भरोसा दिया है। इस दौरान आसकरण धुर्वे, केशलाल साहू, वकील बेग मिर्जा, गोकुल जायसवाल, उमेश चन्द्रवंशी, देवानंद चन्द्रवंशी, सनत तिवारी, दुर्गा चन्द्रवंशी, ओमप्रकाश वर्मा, जयप्रकाश चन्द्रवंशी, रामकुमार सिन्हा मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *