लुधियाना| एमसी जोन डी कार्यालय में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (डीएवाई-एनयूएलएम) के तहत चेक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मेयर इंद्रजीत कौर ने 15 लाभार्थियों को चेक प्रदान किए। स्वयं सहायता समूहों से जुड़े और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में काम करने वाले 15 लाभार्थियों को 40-40 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। एनयूएलएम सिटी मिशन मैनेजर जसप्रीत कौर और राजिंदर कौर ने बताया कि यह वित्तीय सहायता प्रारंभिक पूंजी के रूप में प्रदान की गई है। मेयर ने लाभार्थियों को अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि नगर निगम के संबंधित कर्मचारियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत निवासियों को अधिकतम लाभ देने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।


