भास्कर न्यूज | कवर्धा भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने पेराई सत्र 2024-25 के लिए गन्ना किसानों को 100 प्रतिशत भुगतान का दावा कारखाना प्रबंधन कर रहा है। प्रबंधन की मानें तो किसानों को कुल 87.65 करोड़ रुपए की राशि दी गई। 28 फरवरी तक गन्ना बेचने वाले किसानों को 315.10 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 18.52 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। कारखाने ने इस वर्ष 278177.475 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 254797 क्विंटल शक्कर का उत्पादन किया। यह उत्पादन कारखाने की स्थापना के बाद अब तक की सबसे अधिक रिकवरी दर पर हुआ। इससे किसानों को गन्ना मूल्य के साथ अतिरिक्त रिकवरी एरियर्स का लाभ भी मिलेगा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कहा कि पिछले दो वर्षों में रिकवरी दर में लगातार वृद्धि हुई है। इससे किसानों को अधिक लाभ मिल रहा है। उन्हें उनकी मेहनत का पूरा मूल्य मिल रहा है। भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता ने एक मिसाल कायम की है। किसानों ने इसे ऐतिहासिक कदम बताया। किसानों का कहना है कि नियमित भुगतान से उनकी आर्थिक स्थिति सुधरी है। अब वे बेहतर फसल की उम्मीद कर रहे हैं। शर्मा ने कहा कि किसानों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकता है। कारखाने की कार्यप्रणाली में लगातार सुधार किया जा रहा है। पारदर्शी प्रक्रिया और तकनीकी उन्नयन से भुगतान प्रणाली को मजबूत किया गया है। सरकार किसानों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की आय बढ़ी एमडी जीएस शर्मा ने बताया कि सभी गन्ना उत्पादकों को तयशुदा दर पर पूरा भुगतान किया गया है। कारखाना अब किसानों के लिए एक स्थिर और भरोसेमंद स्रोत बन चुका है। सरकार की किसान-हितैषी नीतियों और उपमुख्यमंत्री के प्रयासों से किसानों की आय बढ़ी है। उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है।


