रांची रेल मंडल के अंतर्गत हटिया-राउरकेला लाइन पर है गोविंदपुर स्टेशन। यह स्टेशन अब नए कलेवर में तैयार हो चुका है। इसे अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार किया गया है। कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। साल 1960 में बने गोविंदपुर रोड स्टेशन को 6.65 करोड़ रुपए खर्च कर तैयार किया गया है। इस स्टेशन की आधारशिला 26 फरवरी 2024 को रखी गई थी। दक्षिण-पूर्व रेलवे के तहत आने वाले इस स्टेशन में कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी। सीनियर डीसीएम शुचि सिंह ने बताया कि गोविंदपुर रोड रेलवे स्टेशन को आधुनिक तकनीकों और यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रख कर डेवलप किया गया है। प्रयास है कि यात्रियों को अधिक सुविधा व सुरक्षा मिल सके। उन्होंने बताया कि नई स्टेशन बिल्डिंग आधुनिक वास्तुकला एवं तकनीक से सुसज्जित है। रांची, खूंटी और राउरकेला को जोड़ता है स्टेशन गोविंदपुर रोड रेलवे स्टेशन हटिया-राउरकेला लाइन पर है। यह एकमात्र ऐसा स्टेशन है जो रांची, खूंटी और राउरकेला जैसे बड़े शहर को एक लाइन में जोड़ता है। रेलवे की ओर से बताया गया कि इस स्टेशन से वर्तमान में तीन एक्सप्रेस ट्रेन और दो पैसेंजर ट्रेन गुजरती है। एक्सप्रेस ट्रेन में जम्मूतवी-संबलपुर, एलेप्पी-धनबाद और तपस्विनी एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेन में हटिया-राउरकेला और हटिया झारसुगुड़ा ट्रेन शामिल है। इस स्टेशन में चार लाइन है। गोविंदपुर स्टेशन में अब मिलेगी इतनी सुविधाएं सीनियर डीसीएम शुचि सिंह के मुताबिक स्टेशन में यात्रियों के आराम के लिए वेटिंग रूम बनाया गया है। कंप्यूटरीकृत टिकट बुकिंग काउंटर बनाए गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए हाई लेवल प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं। वहीं धूप और बारिश से बचाने के लिए प्लेटफॉर्म पर लंबे और चौड़े शेड बनाए गए हैं। बुजुर्गों, दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्था स्टेशन में सुरक्षित और सुविधाजनक फुटओवर ब्रिज बनाया गया है। वहीं बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधा दी जा रही है। एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म जाने के लिए रैंप और लिफ्ट की सुविधा यात्री ले सकेंगे। पूरे स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर एलइडी लाइट लगाई गई है। दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष रैंप, रेलिंग, टैक्टाइल पाथ बनाए गए हैं। स्वच्छ और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था व स्टेशन के बाहर वाहन चालकों और यात्रियों की सुविधा के लिए पार्किंग एरिया बनाया गया है। स्टेशन पर शौचालय, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड और साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था की गई है।


