मुआवजे के लिए सोमनी थाने में किया प्रदर्शन

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव सोमनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम फुलझर की फैक्ट्री में सोमवार को एक नाबालिग मजदूर की करंट के संपर्क में आने से मौत हो गई। इस मामले में मुआवजे की मांग को लेकर 16 वर्षीय मृतक कुणाल पिता तीरथ मंडावी निवासी ग्राम पटेवा थाना घुमका के ग्रामीण बड़ी संख्या में सोमनी थाना पहुंचे थे। सुबह 10 बजे से उन्होंने शाम 4 बजे तक प्रदर्शन किया। वहां फुलझर की फैक्ट्री बायो फ्यूल्स प्रबंधन के अफसरों ने 15 लाख रुपए का मुआवजा चेक के माध्यम से दिया तब ग्रामीण वापस लौटे। सोमनी थाने में ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने सोमनी थाने के सामने चक्काजाम करने की तैयारी कर ली। लेकिन जैसे-तैसे पुलिस ने शांत कराया। मुआवजे की मांग पर प्रदर्शन के दौरान डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, पूर्व विधायक भुवनेश्वर बघेल, भागवत साहू, अंगेश्वर देशमुख, भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, सौरभ कोठारी, राजेश श्यामकर, गिरीश देवांगन, भाजपा-कांग्रेस पार्टी के अन्य नेता और ग्रामीण, छमुमो के अध्यक्ष भीमराव बागड़े मौजूद रहे। ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर सोमनी थाने में शाम तक डटे रहे। मौके पर पहुंचे तहसीलदार और सीएसपी पुष्पेन्द्र नायक की मौजूदगी में कंपनी के मैनेजर ने पीड़ित परिजनों को चेक प्रदान किया तब जाकर मामला शांत हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने मृतक कुणाल मंडावी का गृहग्राम घुमका में अंतिम संस्कार किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *