छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड स्थित ग्राम दोकड़ा में सुशासन तिहार के तहत समाधान शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिविर में पहुंचकर जनता से सीधा संवाद किया। शिविर में जिले भर से मिले 1 लाख 32 हजार आवेदनों में से 1 लाख 28 हजार का निपटारा किया गया। दोकड़ा में आयोजित शिविर में 8 ग्राम पंचायतों के 3,258 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 27 शिकायतें और 3,231 मांग संबंधी आवेदन थे। मुख्यमंत्री ने दोकड़ा के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। गांव में नए कॉलेज की स्थापना की जाएगी। कल्याण आश्रम का उन्नयन किया जाएगा। शिव मंदिर और मंगल भवन का जीर्णोद्धार होगा। मंगल भवन के लिए 20 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा मिनी स्टेडियम का जीर्णोद्धार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन भी किया जाएगा। किसानों को दिए क्रेडिट कार्ड मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया। इनमें मुद्रा लोन के चेक, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घरों की चाबियां और राशन कार्ड शामिल थे। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड और मत्स्य पालन के लिए जाल व आइस बॉक्स का वितरण भी किया गया। अचानक किसी भी गांव पहुंचते है मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सरकार का उद्देश्य है कि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। समाधान शिविर इसी दिशा में एक प्रभावी पहल है, उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से हम लोग गांव-गांव पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि वे रोजाना किसी भी गांव में अचानक पहुंचते हैं और लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुनकर उसका समाधान करते हैं।


