जामताड़ा साइबर पुलिस ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के मोहालीडीह गांव से साइबर अपराधी मुख्तार अंसारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर यह सफलता मिली। एसपी डॉ. एहतेशाम बकारीब के अनुसार, मुख्तार अंसारी एक हिस्ट्रीशीटर है। वह पहले भी साइबर अपराध के मामलों में जेल जा चुका है। उसके पास से 16 लाख 58 हजार रुपए नकद, 6 मोबाइल फोन और 5 सिम कार्ड मिले हैं। मोबाइल फोन को हैक कर बैंक खातों से पैसे निकाल लेता था मुख्तार अंसारी ने पश्चिम बंगाल, बिहार, असम और महाराष्ट्र के लोगों को अपना शिकार बनाया। वह ई-कॉमर्स कंपनियों का कस्टमर केयर एजेंट बनकर लोगों को फोन करता था। फिर उनके मोबाइल फोन को हैक कर बैंक खातों से पैसे निकाल लेता था। पुलिस को उम्मीद है कि मुख्तार की गिरफ्तारी से साइबर अपराध के कई अन्य मामलों का खुलासा होगा। जांच टीम उसके नेटवर्क और पीड़ितों की संख्या का पता लगा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान कॉल्स पर विश्वास न करें। साथ ही अपनी निजी जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें। पुलिस इस मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है।


