आप सरकार में अफसरशाही बेलगाम और तहसील कार्यालय में लोग परेशान: आशू

भास्कर न्यूज|लुधियाना लुधियाना विधानसभा पश्चिमी से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व कैबिनेट मंत्री भारत आशू ने राजगुरू नगर स्थित ब्लाक-सी, ब्लाक-आई व ब्लाक-एफ में स्थानीय लोगों के साथ चुनाव संबंधी चर्चा की। भारत भूषण आशू ने अपने 30 वर्ष राजनीतिक कैरियर पर चर्चा करते हुए कहा कि पार्षद से लेकर बतौर कैबिनेट मंत्री रहते हुए उन्होंने जनसेवा को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में बदलाव के नाम पर सत्तासीन आप सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल में विकास के कार्य जमीन पर दिखाई देने की बजाए सोशल मीडिया पर ज्यादा दिखाई दे रहे हैं। आरोप लगाया कि आप सरकार में अफसरशाही बेलगाम है और तहसील कार्यालय में लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि डीटीओ दफ्तर में पिछले 8 महीने से काम ठप है। नगर निगम में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में लोग रोजमर्रा के कार्यों के लिए भटक रहे हैं। जीएसटी विभाग ईमानदार व्यापारी वर्ग पर छापेमारी कर कारगुजारी दिखा रहा है। पिछले तीन वर्ष में विधानसभा पश्चिमी में विकास काम नहीं हुए। उन्होंने सांसद संजीव अरोड़ा पर हमला बोलते हुए कहा कि अब उपचुनाव से पूर्व सोशल मीडिया पर विकास के नाम पर झूठ का प्रचार किया जा रहा है। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व कांग्रेसी पार्षद सुनील कपूर सहित ब्लाक, वार्ड व बूथ स्तरीय कांग्रेस नेता भी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *