भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने हंबड़ां रोड पर डॉग सेंक्चुअरी-कम-हॉस्पि टल की नींव रखी। बुधवार को राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा व मेयर इंद्रजीत कौर ने इसका भूमि पूजन किया। एक एकड़ में शुरू होकर दो एकड़ तक फैलने वाली इस सुविधा में करीब 2500 स्ट्रे डॉग्स के लिए स्थायी आश्रय होगा। यह सेंक्चुअरी घायल, बीमार और बेसहारा कुत्तों को पशु क्रूरता अधिनियम व भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत चिकित्सा, आवास व देखभाल मुहैया कराएगी। इसका संचालन सोसायटी फॉर प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स (एसपीसीए), लुधियाना द्वारा किया जाएगा। यहां बंध्यीकरण, नसबंदी, एंटी-रेबीज टीकाकरण, बचाव, पुनर्वास और जिम्मेदार पालतू स्वामित्व को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। सांसद अरोड़ा ने इसे शहर में मानवीय तरीके से आवारा कुत्तों की समस्या सुलझाने की दिशा में बड़ा कदम बताया।


