मंडी अफसरों को चेतावनी- लापरवाही पर कार्रवाई होगी

भास्कर न्यूज | लुधियाना जालंधर बायपास स्थित सब्जी मंडी में बढ़ती अव्यवस्था और अवैध कब्जों के खिलाफ मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरजीत सिंह गिल ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि मंडी में अब केवल नियम और कानून का ही राज चलेगा। प्रशासन की मदद से उन्होंने फ्रूट मंडी के फुटपाथ पर बने सभी अवैध कब्जे हटवा दिए, जिनके पीछे राजनीतिक संरक्षण का भी आरोप था। इस सख्त कार्रवाई से कब्जाधारी हड़बड़ा गए और कुछ आढ़तियों ने हड़ताल की धमकी दी, लेकिन गुरजीत सिंह गिल ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी तरह के राजनीतिक या व्यापारिक दबाव में नहीं आएंगे। चेयरमैन गिल ने पद संभालते ही गैरकानूनी कब्जों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने का इरादा जाहिर किया था और कब्जाधारियों को समय रहते कब्जा हटाने की चेतावनी दी थी। गुरजीत सिंह गिल ने कहा कि मैं सब्जी मंडी को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और व्यवस्थित देखना चाहता हूं। यहां किसी भी अवैध गतिविधि, गंदगी या कब्जा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभी भी कुछ अवैध कब्जाधारी मंडी में हैं, उन्हें खुद ही कब्जा हटाना चाहिए, अन्यथा अगली कार्रवाई और भी सख्त होगी। चेयरमैन गिल ने मंडी में तैनात अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाएं। अगर कोई भी अधिकारी अवैध गतिविधियों में लापरवाही या संलिप्तता दिखाएगा तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। गुरजीत सिंह गिल की इस पहल से सब्जी मंडी में साफ-सफाई और व्यवस्था के बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है। उनकी इस सख्त कार्रवाई से यह संदेश गया है कि मंडी में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख रखा जाएगा। इस कदम से मंडी में काम करने वाले व्यापारियों और उपभोक्ताओं में संतोष व्याप्त है, लेकिन कब्जाधारियों की प्रतिक्रिया से भी मंडी की व्यवस्था में बदलाव की संभावना स्पष्ट हो गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *