लुधियाना| भामिया रोड स्थित गार्डन सिटी कॉलोनी में एक ब्यूटी पार्लर की छत पर बिना सूचना के मोबाइल टावर लगाए जाने से लोगों में रोष फैल गया। जब विरोध के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो गुस्साए महिलाओं ने टावर की तारें और उपकरण तोड़ दिए और जमकर नारेबाजी की। दुकान मालिक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर थाना जमालपुर के अधीन मुंडिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। इलाका निवासियों का आरोप है कि 16 मई को भी जब टावर लगाने की कोशिश हुई थी, तब उन्होंने दुकान मालिक को समझाया था और बात भी हुई थी, लेकिन इसके बावजूद उसने चोरी-छिपे छत पर टावर लगवा दिया। जैसे ही लोगों को दोबारा इसकी जानकारी मिली, उन्होंने प्रशासन को सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई न होते देख खुद ही मौके पर पहुंचकर टावर की तारें और डब्बे उखाड़ दिए। मौके पर विरोध करने वालों में नीता सिन्हा, अल्पा, गर्म, सविता, संगीत मिश्रा, मनजीत कौर, गोरी चौधरी, राधा, मोनिका शर्मा, पिंकी जायसवाल, सीमा सिंह, ममता सलोरी, प्रियंका सिंह, बिनु सिंह शामिल रहे। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि इलाके में बिना सहमति के टावर लगाने की कोशिश दोबारा की तो बड़ा आंदोलन करेंगे।


