भास्कर न्यूज | लुधियाना राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासंघ ने मांगों को लेकर जोन-ए कार्यालय में प्रदर्शन कर मेमोरेंडम निगम के एडिशनल कमिश्नर को सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि 72 घंटे के भीतर मांगे पूरी नहीं हुईं तो निगम में तालाबंदी कर आंदोलन शुरू किया जाएगा। बुधवार को महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष टाईगर बबलू चौधरी और पंजाब अध्यक्ष विक्की सहोता के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने जोन-ए में एडिशनल कमिश्नर परमजीत सिंह खैरा से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जालंधर में ठेका प्रथा समाप्त हो चुकी है, जबकि लुधियाना में अभी भी यह प्रथा लागू है, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश है। उन्होंने प्राइवेट कूड़ा लिफ्टिंग बंद करने, ओवरेज व डीसी रेट पर रखे कर्मचारियों को पक्का करने और नियमित भर्ती की मांग की। महासंघ ने कहा कि यदि 72 घंटे में अमल नहीं हुआ तो निगम दफ्तरों पर तालाबंदी कर कूड़े की लिफ्टिंग बंद कर दी जाएगी और अफसरों को भी काम नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी मांग की कि छुट्टी वाले दिन काम करने वाले कर्मचारियों को दोगुनी ध्याड़ी यानी 13वीं तनख्वाह दी जाए।इस मौके पर विक्की कुमार मुंडिया, विनोद कुमार, खन्ना कुमार, यश सहोता, प्रिंस कुमार, चरणजीत सिंह, रोकी बगाईना, रवींद्र कुमार आदि मौजूद रहे।


