लुधियाना| पंजाब में बढ़ती भीषण गर्मी को देखते हुए लेक्चरर कैडर यूनियन पंजाब ने स्कूलों में तुरंत गर्मियों की छुट्टियों की मांग की है। यूनियन के राज्य वित्त सचिव और जिला अध्यक्ष धर्मजीत सिंह ढिल्लों, लेडीज विंग अध्यक्ष शिवानी और प्रेस सचिव मनदीप सिंह सेखों ने शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस से अपील की है कि बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अविलंब छुट्टियां घोषित की जाएं। उन्होंने कहा कि गर्मी के कारण स्कूलों में उपस्थिति लगातार घट रही है और कई बच्चे बेहोश हो रहे हैं। अभिभावक भी चिंतित हैं और छुट्टियों की मांग कर रहे हैं। ढिल्लों ने सुझाव दिया कि पढ़ाई ऑनलाइन करवाई जाए। हिन्दी शिक्षक संघ (रजि.) पंजाब के महासचिव मनोज कुमार ने भी छुट्टियों की मांग करते हुए कहा कि गर्मी बच्चों के लिए खतरनाक साबित हो रही है। इस दौरान यूनियन के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे और इस मांग का समर्थन किया।


