मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को सागर में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने सागर के राजकीय विश्वविद्यालय में लॉ डिपार्टमेंट खोलने और बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में कैंसर विभाग शुरू करने की बात कही। जिले के गौरझामर, नरयावली और बरा को नगर परिषद बनाने की घोषणा की। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मप्र विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना में 24 लाख लाड़ली बहनों के खातों में 26 करोड़ की राशि अंतरित लाखा बंजारा झील जीर्णोंद्धार एवं पुनर्विकास, निगम के नए भवन सहित 642 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। गुटबाजी सामने आई : कार्यक्रम में भाजपा नेताओं में गुटबाजी खुलकर सामने आई। सरकारी होर्डिंग्स से छह विधायकों के चेहरे गायब थे। मंच पर बोलने वालों में भी उनका नाम शामिल नहीं था। इस पर मुख्यमंत्री ने हस्तक्षेप कर सभी जनप्रतिनिधियों को मंच पर बोलने का अवसर दिलाया। पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि 50 साल में कोई विकास नहीं हुआ। भाजपा सरकार में सागर को 550 करोड़ का मेडिकल कॉलेज और स्मार्ट सिटी योजना मिली। गोपाल भार्गव ने कहा कि बुंदेलखंड में भाजपा सरकार ने फोरलेन सड़कों और नई रेल लाइनों का जाल बिछाया है। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने लाखा बंजारा झील के कायाकल्प के लिए सीएम की सराहना की। दिल्ली में शाह से मिले सीएम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को दिल्ली पहुंचकर देर रात केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। डॉ. यादव ने शाह से प्रदेश में विकास कार्यों और राष्ट्रीय परियोजनाओं के संबंध में चर्चा की।


