भास्कर न्यूज | अंबिकापुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के तीसरे चरण में सरगुजा, बलरामपुर और जशपुर जिलों की समीक्षा की। जिला पंचायत में हुई बैठक में उन्होंने कहा जो जिले योजनाओं को बेहतर लागू करेंगे, उन्हें पुरस्कार और कमजोर प्रदर्शन करने वालों को दण्ड मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले चरण में प्रदेशभर से 40 लाख आवेदन आए। दूसरे चरण में इनका समाधान किया गया। अब तीसरे चरण में वे खुद 23 जिलों का दौरा कर रहे हैं। लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर, एसपी और अन्य अधिकारियों से कहा कि वे लोगों के सेवक हैं। समस्याओं का समय पर समाधान करें। फील्ड में सक्रिय रहें। शिकायतों की सुनवाई में बार-बार तारीखें न दें। लोगों के सुख-दुख में शामिल हों। मुख्यमंत्री ने पेयजल संकट को गंभीरता से लिया। तालाबों को सूखने से बचाने और ग्रामीण इलाकों में जलस्रोतों की सुरक्षा के निर्देश दिए। कहा- बारिश से पहले किसानों को खाद-बीज की कमी न हो, इसकी निगरानी करें। बैठक में कृषि मंत्री राम विचार नेताम, वित्त मंत्री ओपी. चौधरी, महिला व बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक राजेश अग्रवाल, प्रबोध मिंज, राम कुमार टोप्पो, बैकुंठपुर विधायक भइयालाल राजवाड़े, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सरगुजा कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, तीनों जिलों के कलेक्टर, एसपी उपस्थित रहे।


