देवघर में रविवार को ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ टीचर्स ऑर्गेनाइजेशन (एआईएफटीओ) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक होगी। डाबरग्राम के पीटीआई सभागार में होने वाली इस बैठक में देश के 22 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों से 68 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। झारखंड के सभी जिलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। सुबह 9 से 11 बजे तक झारखंड स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन (जेएसपीटीए) का अधिवेशन होगा। इसके बाद 11:30 से शाम 6 बजे तक एआईएफटीओ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक चलेगी। जेएसपीटीए के अधिवेशन में झारखंड के सभी जिलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। एआईएफटीओ के मुख्य संरक्षक डॉ. सुनील खवाड़े और राष्ट्रीय महासचिव छगनलाल रोज ने बताया कि यह पहली बार है, जब झारखंड में इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हो रही है। शिक्षा में सुधार पर होगी चर्चा बैठक में सरकारी शिक्षा में सुधार और शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। इन विषयों पर प्रस्ताव पारित कर केंद्र और राज्य सरकारों को भेजा जाएगा। प्रेस वार्ता में जेएसपीटीए के अध्यक्ष अशोक मिश्र, प्रदेश महासचिव मंगलेश्वर उरांव और राज्य संयोजक राजेश मिश्रा सहित अन्य शिक्षक नेता मौजूद थे।


