एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल, गन प्वाइंट पर 7 मई को रात साढ़े 9 बजे रणजीत एवेन्यू से छीनी थी कार

भास्कर न्यूज | अमृतसर रणजीत एवेन्यू मार्केट में ब्लैकआउट के बीच कार छीनने वाले 3 बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में काबू किया, एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों से लूटी हुई कार और एक पिस्तौल बरामद की। 7 मई को रात करीब साढ़े 9 बजे रणजीत एवेन्यू निवासी आदेश कपूर से 3 आरोपी पिस्तौल दिखाकर कार छीनकर ले गए थे। मामले में थाना रणजीत एवेन्यू में 8 मई को केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कार की लूट करने के बाद जालंधर के 8 नंबर डिवीजन स्थित एक मेडिकल स्टोर में जाकर लूट की। डाक्टर को पिस्तौल दिखाकर 70 हजार रुपए और सोने की चैन-अंगूठी छीनकर फरार हो गए थे। आरोपी फर्जी नंबर प्लेट कार पर लगाकर पंजाब के अलग-अलग जिलों में घूम रहे थे। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 22 मई की शाम 6 बजे इंस्पेक्टर रोबिन हंस के नेतृत्व में पुलिस टीम आनंद पार्क, रणजीत एवेन्यू के पास मौजूद थी। तभी सूचना मिली कि आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली लूटी गई कार से संजय गांधी कॉलोनी से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की ओर आ रहे हैं। एएसआई लखविंदर सिंह की टीम ने संजय गांधी कॉलोनी में आरोपियों की कार को ट्रेस किया। घेराबंदी के दौरान आरोपी गुरभेज सिंह उर्फ भेजा और वस्सन सिंह निवासी गोइंदवाल, तरनतारन ने पुलिस को चुनौती दी। कंवलप्रीत सिंह निवासी रूप एवेन्यू नौशहरा खुर्द ने पुलिस पर 2 गोलियां चलाई, जवाबी फायरिंग में कंवलप्रीत सिंह घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों आरोपियों को काबू कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पहले से लूट-स्नैचिंग, डकैती व अन्य धाराओं में 22 केस पहले से दर्ज हैं। कंवलप्रीत सिंह पर 11, गुरभेज सिंह पर 5 और वस्सन सिंह पर 6 केस दर्ज हैं। यह मामले गुरदासपुर, बटाला, तरनतारन, जालंधर, फिरोजपुर, फरीदकोट और अमृतसर में दर्ज हैं। कार से गाड़ियों के बहुत सारी नंबर प्लेट भी बरामद हुईं हैं जिसकी जांच चल रही है। मौके पर पहुंचे सीपी गुरप्रीत भुल्लर।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *