किरतपुर में हनीमून की खुशी मातम में बदली:मनाली जा रहे नवविवाहित जोड़ों की कार का भयानक एक्सीडेंट; पति की मौत, चार घायल

पंजाब के कीरतपुर साहिब में रविवार सुबह उस वक्त दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ जब हनीमून पर निकले दो नवविवाहित जोड़े एक भीषण दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में एक नवविवाहित पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कीरतपुर में मंजर इतना भयावह था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ चुके थे और वहां मौजूद लोग सन्न रह गए। यह हादसा चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर कीरतपुर साहिब क्षेत्र में सुबह लगभग 4 बजे हुआ। कार में सवार पांच लोग – दो नवविवाहित जोड़े और एक ड्राइवर – हिमाचल प्रदेश की यात्रा से लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में कार को टक्कर मार दी और हादसे के बाद वह वाहन मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। उत्तर प्रदेश का रहने वाला परिवार
हादसे में मृतक की पहचान नीरज (30 वर्ष) निवासी अजयपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसकी पत्नी शिल्पी (21 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुई हैं और उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। नीरज और शिल्पी हाल ही में विवाह बंधन में बंधे थे और शादी के बाद यह उनका पहला सफर था। साथी जोड़ा भी गंभीर रूप से घायल
कार में सवार दूसरे नवविवाहित जोड़े – साहिल (30 वर्ष) और उसकी पत्नी सलोनी (20 वर्ष) – की भी पहचान उत्तर प्रदेश के अजयपुर गांव के रूप में हुई है। दोनों को भी गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, कार चला रहा आशीष, जो हरियाणा के करनाल जिले की सुभाष कॉलोनी का निवासी है, घायल हुआ है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
हादसे की जानकारी मिलते ही गड़मौड़ा टोल प्लाजा के कर्मचारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत कार से निकाल कर सिविल अस्पताल श्री आनंदपुर साहिब पहुंचाया गया।
जांच अधिकारी एएसआई खुशहाल सिंह ने बताया कि मृतक की जेब से मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं, जिनकी मदद से परिजनों को सूचित किया गया। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि टक्कर मारने वाला वाहन कौन था। शादी की खुशियां मातम में बदलीं
हादसे से पहले तक इन जोड़ों के चेहरे पर नई जिंदगी की मुस्कान थी, लेकिन अब एक नवविवाहित पत्नी शिल्पी के लिए वह मुस्कान हमेशा के लिए छिन गई है। नीरज की मौत ने शिल्पी को गहरे सदमे में डाल दिया है। सलोनी और साहिल की भी हाल ही में शादी हुई थी और यह यात्रा उनकी भी हनीमून ट्रिप थी। लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने सभी परिवारों की खुशियों को गम में तब्दील कर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *