झारखंड के जाने-माने फिल्म निर्माता और झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के सदस्य लाल विजय शाहदेव कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की है। शाहदेव ने फेसबुक पोस्ट में बताया कि वह इस समय रांची के सेंटेविटा अस्पताल में इलाजरत हैं और पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं। डॉक्टर मोहित नारायण की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। मुंबई से आते वक्त फ्लाइट तबीयत बिगड़ी उन्होंने बताया कि 22 मई को जब वे मुंबई से रांची लौट रहे थे, तभी फ्लाइट में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। रांची पहुंचने के बाद जब उनकी जांच हुई तो रिपोर्ट में वे कोरोना पॉजिटिव निकले। इसके बाद उन्हें तुरंत सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया। लाल विजय शाहदेव ने लिखा है कि वे झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के सदस्य के रूप में कुछ फिल्मों का प्रिव्यू करने वाले थे, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण वे यह कार्य नहीं कर पाए। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि जो भी उनके संपर्क में आए हों और जिन्हें सिरदर्द, बदन दर्द, बुखार, खांसी या सर्दी जैसे लक्षण महसूस हो रहे हों, वे तुरंत कोरोना की जांच करवाएं और डॉक्टर से परामर्श लें। लिखा- भारत में 257 लोग कोरोना संक्रमित उन्होंने यह भी लिखा कि भारत में अब तक 257 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और दुर्भाग्यवश वे भी उनमें से एक हो गए हैं। हालांकि उन्होंने विश्वास जताया कि वह जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर लौटेंगे। साथ ही, उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और कोरोना के सभी गाइडलाइन्स का पालन करने की अपील की।


