पुलिस कस्टडी में युवक की मौत पर दो थानेदार सस्पेंड, डीआईजी ने की कार्रवाई

भास्कर न्यूज | दुमका देवघर के पालोजोरी में पुलिस कस्टडी में मेराज अंसारी की मौत के मामले में संथाल परगना के डीआईजी अंबर लकड़ा ने सख्त कदम उठाया है। उन्होंने रविवार को सारठ थाना प्रभारी सूरज कुमार और पालोजोरी थाना प्रभारी प्रभात कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मेराज अंसारी को 21 मई को देवघर जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र के दुधानी गांव से गिरफ्तार किया गया था। उस पर साइबर अपराध में शामिल होने का आरोप था। गिरफ्तारी में पालोजोरी के साथ सारठ थाना की पुलिस भी शामिल थी। गिरफ्तारी के बाद मेराज की तबीयत बिगड़ गई। पहले उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से देवघर सदर अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 22 मई को मेराज की मौत के बाद पालोजोरी थाना में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने पुलिस पर पथराव किया और पालोजोरी बाजार बंद करा दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस की पिटाई से मेराज की जान गई। हालात बिगड़ने पर आसपास के थानों की पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया। मेराज के परिजन और गांव वाले दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। डीआईजी अंबर लकड़ा ने जांच के बाद पाया कि दोनों थाना प्रभारियों ने मेराज की तबीयत की जानकारी लिए बिना ही पूछताछ की। यह लापरवाही और मनमानी थी। दोनों का अपने अधीनस्थों पर भी नियंत्रण नहीं था। डीआईजी ने इसे कर्तव्य में गंभीर चूक माना। इसी आधार पर दोनों को निलंबित किया गया। निलंबन आदेश की प्रति देवघर एसपी को भी भेज दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *