भास्कर न्यूज | अमृतसर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की धर्म प्रचार कमेटी द्वारा आयोजित सिख धार्मिक अध्ययन पत्राचार पाठ्यक्रम की वार्षिक परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया। मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मनन, सदस्य भाई राजिंदर सिंह मेहता और सचिव प्रताप सिंह ने परिणाम घोषित किए। इससे पहले प्रथम और द्वितीय स्तर की परीक्षा के परिणाम जारी हो चुके हैं। कुलवंत सिंह ने बताया कि फरवरी में तीसरी और चौथी कक्षा की परीक्षा में 5696 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें से 130 विद्यार्थियों को वजीफा मिला। मेरिट में आए इन विद्यार्थियों को शिरोमणि कमेटी की ओर से कुल 4 लाख 15 हजार रुपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी। पहले तीन स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 5100, 4100 और 3100 रुपए की विशेष पुरस्कार राशि दी जाएगी। उत्तीर्ण विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उत्तीर्ण विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। शिरोमणि कमेटी ने सिख धार्मिक अध्ययन पत्राचार पाठ्यक्रम के सत्र 2023-25 के दूसरे वर्ष और सत्र 2024-26 के पहले वर्ष का परिणाम भी जारी किया। इसमें मेरिट में आए 30 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। मनन ने बताया कि शिरोमणि कमेटी स्कूल और कॉलेजों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को सिख धर्म के सिद्धांतों, गुरबाणी, रहत मर्यादा और इतिहास से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। हर साल धार्मिक परीक्षा आयोजित कर एक लाख रुपए की छात्रवृत्ति दी जाती है। पत्राचार के माध्यम से आम श्रद्धालुओं को भी सिख धर्म की शिक्षा दी जाती है। धार्मिक परीक्षा में जगमीत सिंह और मनजीत कौर ने पहला स्थान प्राप्त किया। फिलिप्स दूसरे और हरपाल सिंह तीसरे स्थान पर रहे। चौथी कक्षा की परीक्षा में सरबजीत कौर पहले, मनदीप कौर और अमनदीप कौर दूसरे, शुभप्रीत कौर और रमनदीप कौर तीसरे स्थान पर रहीं। पत्राचार पाठ्यक्रम में बलजिंदर सिंह पहले, हिम्मत सिंह दूसरे और श्रद्धा कौर तीसरे स्थान पर रहीं। इस अवसर पर अतिरिक्त सचिव बिजय सिंह, जसबीर सिंह मौजूद रहे।


