भास्कर न्यूज | बड़की सरिया सरिया नगर पंचायत के काला रोड में जर्जर बिजली तार से लोग लंबे समय से परेशान थे। अब इन तारों को बदलने का काम शुरू हो गया है। दो दिन पहले कवर युक्त केबल लगाने का काम शुरू हुआ। लेकिन 11 हजार वोल्ट का हाई टेंशन तार अब भी घरों के ऊपर जर्जर हालत में लटका है। इससे लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने यह समस्या नगर सांसद प्रतिनिधि और समाजसेवी छोटू मंडल को बताई। छोटू मंडल ने विधायक नागेन्द्र महतो को जानकारी दी। इसके बाद विधायक ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इसके बाद बिजली विभाग को पुराने तार हटाकर कवर युक्त केबल लगाने का निर्देश दिया। लोगों ने कहा कि विधायक को जानकारी देने पर समाधान मिला। लेकिन हाई टेंशन तार को भी कवर किया जाए या उस पर जाली लगाई जाए। बरसात में बड़ी दुर्घटना का डर बना हुआ है। पहले भी जर्जर तार गिरने से एक मवेशी की मौत हो चुकी है। इससे लोगों में डर का माहौल है। छोटू मंडल ने कहा कि जल्द ही 11 हजार वोल्ट के तार को भी शहरी क्षेत्र में कवर किया जाएगा। इसके लिए विभाग को सूचना दी गई है। उन्होंने कहा कि जनता की जागरूकता से ही यह संभव हो पाया है। पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में कवर युक्त उच्च तकनीक के केबल तार लगाए जाएं। इससे बिजली का लोड बढ़ने पर भी सप्लाई बनी रहे। निरीक्षण के दौरान फागु पंडित, तारकेश्वर मोदी, पंकज मंडल और बिजली विभाग के सौरभ सामन्तों समेत अन्य कर्मचारी मौजूद थे।


