भास्कर न्यूज | रायगढ़ केवड़ाबाड़ी से होकर गुजरने वाले लोग और स्थानीय व्यवसायी इन दिनों गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं। मटन मार्केट और मुर्गा बाजार में फैली गंदगी और उससे उठने वाली तेज बदबू के कारण आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को भारी दिक्कत हो रही है। शाम होते-होते बदबू इतनी बढ़ जाती है कि आसपास के 400 से 500 मीटर तक के दुकानदारों को नाक बंद करनी पड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि या तो मटन मार्केट के दुकानदार सफाई नहीं करते या फिर नगर निगम द्वारा नियमित सफाई नहीं की जाती। इस वजह से समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। नगर निगम के सफाई प्रभारी और वार्ड पार्षदों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जयसिंह तालाब के पास शाम को घूमने आने वाले लोगों को भी मटन मार्केट की बदबू परेशान कर रही है। मटन, चिकन और मछली के व्यवसायी कटाई के बाद मांस के टुकड़े और गंदगी को मार्केट के पीछे फेंक देते हैं। पानी का बहाव कम होने के कारण गंदगी साफ नहीं होती। केवड़ाबाड़ी मटन मार्केट को शिफ्ट करने की उठाई मांग क्षेत्र के सनी मिश्रा, गोलू तिवारी और कमल देवांगन ने बताया कि मटन मार्केट के आसपास कई दुकानें हैं। शाम को प्लांट कर्मचारियों सहित अन्य लोग बस या ऑटो लेने वहां खड़े रहते हैं। बदबू से लोग बेहद परेशान हैं। अब शहर के बीच स्थित इस मटन मार्केट को हटाने की मांग उठने लगी है। यदि मार्केट को शिफ्ट नहीं किया जा सकता, तो कम से कम नियमित सफाई की व्यवस्था की जानी चाहिए ताकि गंदगी और बदबू को रोका जा सके।


