कोंडागांव में देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर नगर पालिका परिषद ने विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया। इस अभियान में नगर के बांधा तालाब और शिव मंदिर परिसर को केंद्र में रखा गया। तालाब से जलकुंभी हटाई गई। शिव मंदिर परिसर में भी सफाई की गई। श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ वातावरण बनाया गया। अभियान में नगर पालिका कर्मचारियों के साथ अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रशिक्षु युवाओं ने भी हिस्सा लिया। स्थानीय नागरिकों ने भी अपने वार्डों में स्वेच्छा से सफाई की। मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों में स्थायी रूप से स्वच्छता की आदत विकसित करना है। नगर पालिका ने हर वार्ड में नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाने की योजना बनाई है। साथ ही स्वच्छता से जुड़े जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।


