दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन मुख्यालय में 20वीं क्षेत्रीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में दो सांसदों सहित 19 सदस्यों ने भाग लिया। जोन महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बैठक की अध्यक्षता की। भाजपा जिलाध्यक्ष और जेडआरयूसीसी सदस्य दीपक सिंह ठाकुर ने कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने दुर्ग-अयोध्या एक्सप्रेस को बिलासपुर से शुरू करने का प्रस्ताव रखा। कोरबा-यशवंतपुर वैनगंगा एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने की मांग की गई। सिकंदराबाद-रायपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को बिलासपुर तक विस्तार करने और इसे दैनिक चलाने का सुझाव दिया। कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस को डोंगरगढ़ तक बढ़ाने और दो अतिरिक्त रैक जोड़ने की मांग की गई। दुर्ग-अयोध्या ट्रेन को बिलासपुर होते हुए रोजाना चलाने का प्रस्ताव रखा गया। बिलासपुर-पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने की भी मांग की गई। तहसील कार्यालय नेहरू चौक का बंद रेलवे रिजर्वेशन काउंटर फिर से खोलने की मांग प्रमुख रही। उसलापुर रेलवे स्टेशन पर बढ़े यात्री दबाव को देखते हुए टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने का सुझाव दिया गया। बिलासपुर स्टेशन के परिवर्तित टिकट काउंटर में भीड़ की समस्या को देखते हुए जेडटीबीएम मशीन पर मददगार नियुक्त करने की मांग की गई। रेलवे कॉलोनियों के रास्ते खोले जाएं उन्होंने मांग की कि रेलवे कालोनियों के अंदर की बंद की गई सड़कों को आमजन के उपयोग के लिए पूर्व की तरह खोल दिया जाए, क्योंकि इससे शहर की जनता को भी लाभ होगा। उन्होंने शिकायत की कि जहां-जहां रेलवे प्रशासन द्वारा रोड ब्लॉक किया गया है, वहां पर असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया है। इनमें कंस्ट्रक्शन कॉलोनी, वायरलेस कॉलोनी उर्दू स्कूल के पास, बंगाला यार्ड डबल स्टोरी के पास, आर.टी.एस कॉलोनी के लास्ट लाइन गुरूनानक चौक के पास वाला लाइन शामिल है, यहां सुरक्षा की व्यवस्था की जाए। जीएम ने किया सुविधा में बढ़ोतरी का दावा बैठक के प्रारंभ में ज़ेडआरयूसीसी के सचिव समीर कांत माथुर ने जोन की उपलब्धियों से अवगत कराया। वहीं जोन महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने यात्री सुविधाओं के विकास के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा और उनकी अपेक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्री सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। 47 स्टेशनों का उन्नयन किया जा रहा रेलवे महाप्रबंधक ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बिलासपुर, रायपुर एवं दुर्ग का पूनर्विकास तथा 47 स्टेशनों का उन्नयन किया जा रहा है । सदस्यों को उन्होंने आश्वस्त किया कि यात्री सुविधाओं एवं सेवाओं में निरंतर विकास हम सब का उद्देश्य है और इसमें कोई कमी नहीं होने देंगे । बैठक में ये शामिल रहे बैठक में दुर्ग के सांसद विजय बघेल, देवेन्द्र प्रताप सिंह राज्यसभा सदस्य रायगढ़, लोकेश साहू, प्रिंसिपल चेंबर ऑफ कामर्स एंड ट्रेड एसोशिएशन, मौनिल अशोक जैन, प्रिंसिपल चेंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड ट्रेड एसोशिएशन, राजेन्द्र जग्गी, प्रिंसिपल चेंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड ट्रेड एसोशिएशन, राकेश कुमार मिश्रा, पीएसयू के प्रतिनिधि, सेवक भाऊ कारेमोरे, रजिस्टर्ड पैसेंजर एसोशिएशन, राजेन्द्र सोनी, रजिस्टर्ड पैसेंजर एसोशिएशन, दीपक शर्मा, रजिस्टर्ड पैसेंजर एसोशिएशन, डॉक्टर क्रांति खूंटे आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।


