बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक जनदर्शन में नागरिकों की शिकायतों पर संज्ञान लिया। कलेक्टोरेट के मंथन सभाकक्ष में आयोजित इस जनदर्शन में 100 से अधिक मामलों में कार्रवाई के निर्देश दिए गए। तखतपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत खरकेना के सरपंच ने स्ट्रीट लाइट की मांग की। उन्होंने बताया कि 5000 से अधिक आबादी वाले गांव में बिजली की समस्या से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। मस्तूरी विकासखंड के ग्राम पंचायत कर्रा में बिजली के 4 टूटे खंभों से ग्रामीणों के घरों के ऊपर केबल तार लटक रहे हैं। सरपंच ने क्षतिग्रस्त खंभों की मरम्मत और शॉर्ट सर्किट की समस्या का समाधान मांगा। कलेक्टर ने सीएसपीडीसीएल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने सरपंच पर लगाया पानी निकालने का आरोप अमसेना के ग्रामीणों ने सरपंच पर तालाब से अनावश्यक रूप से पानी निकालने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सरपंच मछली पकड़ने और मिट्टी बेचने के लिए ऐसा कर रहे हैं। धूमा के ग्रामीणों ने वन भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के वन अधिकार पट्टे रद्द करने की मांग की। जनदर्शन में निस्तारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत धनगवां के रामफल भारद्वाज ने पंचायत जांच दल पर झूठी रिपोर्ट बनाकर दोषियों को बचाने का आरोप लगाया। गुनसरी के सरपंच ने लिम्ही गांव के सरकारी तालाब और गौठान को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की। महामाया विहार की आरती रजक ने सरकारी निस्तारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। कलेक्टर ने नगर निगम कमिश्नर को इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।


