हनुमानगढ़ के भादरा थाना क्षेत्र के करणपुरा गांव में घर के बाहर खड़ी पिकअप चोरी हो गई। पिकअप मालिक की रिपोर्ट के आधार पर भादरा पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। हेड कॉन्स्टेबल संतलाल ने बताया कि गुलशन खां (42) पुत्र नेक मोहम्मद निवासी करणपुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पास पिकअप है, जो उसके सगे भतीजे नाजम अली निवासी करणपुरा के नाम से पंजीकृत है। पिकअप रविवार रात को उसके घर के दरवाजे के आगे खड़ी थी। उसने अंतिम बार रात करीब 11 बजे बोलेरो पिकअप खड़ी देखी। इसके बाद परिवार के लोग दरवाजा बंद कर सो गए। इसके बाद रात को किसी अज्ञात व्यक्ति ने पिकअप चोरी कर ली। पिकअप के टूल में कई आवश्यक दस्तावेज सहित अन्य सामान पड़ा था। रात करीब 1 बजे वह उठा। दरवाजा खोलकर देखा तो पिकअप वहां पर नहीं थी। तब उसने परिवार के सदस्यों को उठाकर आस-पड़ोस में पता किया, लेकिन पिकअप का कोई पता नहीं चला। गुलशन खां के अनुसार उसकी पिकअप के संबंध में कोई विवाद किसी भी न्यायालय में विचाराधीन नहीं है। किसी प्रकार का चालान आदि भी नहीं हुआ और हर प्रकार से विवाद रहित है। यह पिकअप उसके स्वयं के स्वामित्व में चली आ रही है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


