राजसमंद में जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने मंगलवार को जिला स्तरीय बैठक ली। इसमें निर्देश दिए कि ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की जाए व साथ ही सड़कों पर अनाधिकृत कट को बंद किए जाए। जयपुर में हाल ही में हुए दुखद हादसे के बाद कलेक्टर ने राजसमंद में भी रसद अधिकारी को सभी पेट्रोल पंप पर जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही पीडब्ल्यूडी, पीडब्ल्यूडी (एनएच), एनएचएआई को निर्देश दिए की सड़कों पर जहां भी अनाधिकृत कट हों, उन्हें बंद कराएं जिससे कि जिले में इस तरह का कोई हादसा न हो। पुलिस विभाग व परिवहन विभाग को ओवरलोड वाहनों पर आगामी एक सप्ताह में अभियान चलाकर ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क संबंधी कोई भी लापरवाही से हादसा हुआ तो जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी, आमजन की सुरक्षा को सर्वोपरि रखें।
कलेक्टर ने बैठक में संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों पर कार्यवाही, सुशासन सप्ताह के तहत गतिविधियों, बजट घोषणाओं को लेकर अब तक हुई कार्यवाही सहित की विषयों पर चर्चा की। इस दौरान एडीएम नरेश बुनकर, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, एडिशनल एसपी (महिला सेल) रजत उपस्थित रहे।


