भास्कर न्यूज | छतरपुर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल की ओर से जागरुकता अभियान चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो का शुभारंभ गुरुवार को किया गया। यह अभियान 11 जून तक चलेगा। इसका उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों के बीच माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को लेकर जागरुकता फैलाना है। कार्यक्रम का शुभारंभ बीडीओ आशीष कुमार साहू व डीपीएम धर्मेंद्र कुमार ने किया। बीडीओ ने बताया कि यह प्रयास केवल स्वच्छता ही नहीं, बल्कि समाज में गहराई तक फैली उन भ्रांतियों को भी तोड़ने का कार्य करेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य माहवारी के दौरान स्वच्छता और हाइजीन के महत्व को समझाना है। किशोरियों को आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। अभियान की शुरुआत रेड डॉट चैलेंज के प्रतीकात्मक आयोजन से की गई। डीपीएम ने बताया कि 28 मई से 11 जून तक सभी सरकारी कार्यालयों में महिला कर्मियों एवं आगंतुकों के लिए शौचालयों में भस्मक अधिष्ठापन किया जाएगा, जिससे सेनेटरी पैड के उचित निस्तारण की सुविधा मिले। अधिकारियों, कर्मचारियों, जलसहिया, मुखिया-सह-अध्यक्ष, प्रखंड समन्वयक ने माहवारी स्वच्छता की शपथ भी ली। मौके पर प्रखंड समन्वयक विवेक श्रीवास्तव, प्रधान सहायक नबाब खान, एसबीएस एंथोनी जी, कुंदन कुमार सहित मुखिया, पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी सेविका/सहायिका, जल सहिया व स्वयं सहायता समूह की दीदी मौजूद थी।


