भास्कर न्यूज | चतरा जिले में विकसित कृषि संकल्प अभियान कार्यक्रम की शुरूआत गुरूवार को हुई । यह राष्ट्रव्यापी अभियान 29 मई से 12 जून तक चलेगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र, चतरा की ओर से दो टीम का गठन किया गया। प्रथम टीम में धर्मा उरांव और डॉ. रंजय कुमार सिंह तथा दूसरी टीम में इंजि. विनोद कुमार पांडेय व शिवेन्द्र कुमार दूबे हैं। कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए वरीय वैज्ञानिक और प्रधान डॉ. रंजय कुमार सिंह ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को पशुपालन, मुर्गीपालन, मत्स्य पालन सहित उन्नत कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करना, कृषि विकास से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी प्रदान करना तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड (एसएचसी) में सुझाई गई फसलों के चयन और संतुलित उर्वरक उपयोग हेतु किसानों को जागरूक करना है। इसके तहत चतरा जिला के सभी प्रखंडों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम का आयोजन प्रथम दिन प्रतापपुर प्रखण्ड के मैरागकला, कुकुरमन, भलुवाई, सिजुआ, नावाडीह, झारा एवं कठौन ग्राम में किया गया। इसमें किसानों से संबंधित किसान उपयोगी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में इंजि. विनोद कुमार पाण्डेय ने बताया कि विकसित कृषि संकल्प अभियान एक राष्ट्रव्यापी अभियान है, जिसे भारतीय कृषि के आधुनिकीकरण के लिए वैज्ञानिक प्रसार, स्थायी प्रथाओं और किसान सशक्तीकरण के माध्यम से प्रारंभ किया गया है। कार्यक्रम में धर्मा उरांव ने धान परती प्रबंधन, झारखंड में खरीफ मौसम के लिये उपयुक्त हरे चारे की फसलें, नए फल बागों की स्थापना आदि विषय पर किसानों को विस्तृत जानकारी दी ।


